रीवा पुलिस ने सेंधमार गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; 8 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद
रीवा पुलिस ने सेंधमार गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; 8 लाख के जेवर बरामद
बुलेट रिपोर्टर रीवा। शहर में लगातार हो रही सेंधमारी की घटनाओं का खुलासा करते हुए थाना सिविल लाइन पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हुई कई चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋतु उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- वरुण लोनिया उर्फ पी.के. (19 वर्ष), निवासी कबाड़ी मोहल्ला, रीवा
- सुजीत लोनिया उर्फ गोविंदा (25 वर्ष), निवासी कबाड़ी मोहल्ला, रीवा
- संदीप लोनिया उर्फ गुल्ली (29 वर्ष), निवासी कबाड़ी मोहल्ला, रीवा
बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के हार, झुमके, कंगन, मंगलसूत्र, लॉकेट, नाक की लौंग तथा चांदी की बिछिया, अंगूठियां, पायल, हाथ और कमर की चेन सहित सात चोरी के मामलों का सामान बरामद किया है। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख बताई गई है।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन और कोतवाली थानों में चोरी, सेंधमारी, मारपीट, आर्म्स एक्ट एवं आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
रीवा पुलिस का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
