रीवा में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, पति-पत्नी गिरफ्तार; 930 शीशी नशीली कफ सिरप और 1.70 लाख नकद जब्त
बुलेट रिपोर्टर रीवा। रीवा पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की झांझर कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान पर छापा मारकर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 930 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप, लगभग 1.70 लाख नकद और अन्य सामग्री बरामद की है। जब्त कफ सिरप की अनुमानित कीमत 2 लाख से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने झांझर कॉलोनी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी विनय दीपांकर और उसकी पत्नी पलक पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों अवैध रूप से नशीली कफ सिरप का कारोबार कर रहे थे। बरामद नकदी को भी इसी अवैध कारोबार से अर्जित राशि माना जा रहा है।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नशीली कफ सिरप की खेप कहां से लाई जाती थी, किन-किन जिलों में इसकी सप्लाई की जा रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि रीवा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
