रीवा में जल संसाधन विभाग का बड़ा बाबू 3 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
रीवा में जल संसाधन विभाग का बड़ा बाबू 3 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
पेंशन और अनुकंपा नियुक्ति के नाम पर मांगे थे 12 हजार, लोकायुक्त ने ट्रैप कार्रवाई में दबोचा
बुलेट रिपोर्टर | रीवा
रीवा में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। रविवार को लोकायुक्त पुलिस ने जल संसाधन विभाग में पदस्थ बड़े बाबू राम बरन मिश्रा को 3 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी कर्मचारी पर शिकायतकर्ता से उसकी मां की पेंशन और अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, सोहागी निवासी मोनू नापित ने लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की थी कि उनके पिता जल संसाधन विभाग में कार्यरत थे, जिनका मार्च माह में निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो गई। मां की पेंशन और अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कराने के लिए उन्हें विभाग के चक्कर लगाने पड़ रहे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, विभाग में पदस्थ बड़े बाबू राम बरन मिश्रा ने फाइल आगे बढ़ाने और पेंशन संबंधी कार्य कराने के एवज में 12 हजार रिश्वत की मांग की थी। मजबूरी में शिकायतकर्ता पहले ही 5 हजार आरोपी को दे चुका था। इसके बाद उसने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
लोकायुक्त ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपी ने 4 हजार भी प्राप्त किए। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
रविवार को बाणसागर कॉलोनी स्थित जल संसाधन विभाग कार्यालय के पास शिकायतकर्ता जैसे ही आरोपी को शेष 3 हजार देने पहुंचा, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रिश्वत की राशि लेते ही रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं, सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
