भाजपा के वरिष्ठ नेता मन्नूलाल गुप्ता के परिवार में शोक, पुत्रवधू विनीता गुप्ता का निधन
भाजपा के वरिष्ठ नेता मन्नूलाल गुप्ता के परिवार में शोक
लंबी बीमारी के बाद पुत्रवधू विनीता गुप्ता का निधन, प्रयागराज में हुआ अंतिम संस्कार
मनगवां/रीवा। भाजपा के वरिष्ठ नेता मन्नूलाल गुप्ता के परिवार में शनिवार को शोक की लहर दौड़ गई। उनकी पुत्रवधू विनीता गुप्ता (पत्नी विजय गुप्ता) का लंबी बीमारी के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास पहुंचे।
परिजनों के अनुसार, विनीता गुप्ता का उपचार पहले मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल में चल रहा था। बाद में उन्हें रीवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
विनीता गुप्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता मन्नूलाल गुप्ता के बड़े भाई कैलाश चंद्र गुप्ता के बड़े पुत्र विजय गुप्ता की पत्नी थीं। वे नगर परिषद पार्षद सुशील गुप्ता की भाभी भी थीं। उनके निधन से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। नगर परिषद अध्यक्ष बुटला बंसल, पूर्व अध्यक्ष डॉ. ददन प्रसाद गुप्ता, भाजपा मंडल महामंत्री कमलेश बंसल, नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रमोद उर्मलिया सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
विनीता गुप्ता की अंतिम यात्रा मनगवां से निकाली गई, जिसमें नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इसके बाद प्रयागराज के पावन तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान उपस्थित लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
