बार-बार ट्रिपिंग पर बिजली विभाग सख्त, मंगावां सब स्टेशन का निरीक्षण
रीवा | बुलेट रिपोर्टर
मंगावां क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली ट्रिपिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूर्व संभाग रीवा के कार्यपालन अभियंता (ईई) सुशील कुमार यादव ने 9 जुलाई को 33/11 केवी मनगवां विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 11 केवी एवं 33 केवी फीडरों में बार-बार हो रही ट्रिपिंग के कारणों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण में पाया गया कि मंगावां नगर, बेलवा, तिवनी और मंगावां शहरी 11 केवी फीडरों में लगातार ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। इस पर कार्यपालन अभियंता ने संबंधित कनिष्ठ अभियंताओं एवं सहायक अभियंता को निर्देश दिए कि समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि ट्रिपिंग पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मनगवां सब स्टेशन में खराब पड़े वीसीबी (VCB) के शीघ्र सुधार के लिए एसटीसी संभाग रीवा को सूचना भेज दी गई है। साथ ही निर्देश दिए गए कि रखरखाव कार्य के दौरान न्यूनतम शटडाउन लेकर उपभोक्ताओं को कम से कम असुविधा हो।
गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर
कार्यपालन अभियंता सुशील कुमार यादव ने कहा कि मुख्य अभियंता श्रीमती प्रमा पांडे एवं अधीक्षण अभियंता वी.के. शुक्ला के मार्गदर्शन में विभाग का लक्ष्य सभी उपभोक्ताओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से विद्युत व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
सब स्टेशन ऑपरेटरों को दिए सुरक्षा संबंधी निर्देश
निरीक्षण के दौरान सभी सब स्टेशन ऑपरेटरों की बैठक लेकर उन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करने, सतर्कता के साथ कार्य करने तथा विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
मुख्य बिंदु
- 33/11 केवी मनगवां सब स्टेशन का निरीक्षण
- 11 केवी और 33 केवी फीडरों की ट्रिपिंग की समीक्षा
- खराब VCB के शीघ्र सुधार के निर्देश
- न्यूनतम शटडाउन लेकर मेंटेनेंस करने के निर्देश
- लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
- उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति विभाग की प्राथमिकता
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
