बरगद की छांव में कलेक्टर की चौपाल, रात में गांव पहुंचकर सुनीं समस्याएं
रीवा | बुलेट रिपोर्टर
रीवा जिले के त्योंथर विकासखंड के दूरस्थ ग्राम कूड़ी में गुरुवार रात प्रशासन का संवेदनशील और जनहितकारी चेहरा देखने को मिला। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी अधिकारियों की टीम के साथ नॉन-एसी बस से गांव पहुंचे और बरगद के विशाल पेड़ की छांव में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। देर रात तक चली इस चौपाल में बिजली, राजस्व, राशन, पेंशन, शिक्षा और अतिक्रमण सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बातें रखीं।
कलेक्टर ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए और किसी भी पात्र हितग्राही को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
चौपाल के दौरान क्षतिग्रस्त बिजली केबल की मरम्मत, नए बिजली मीटर लगाने, स्कूल भवन की मरम्मत और अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश तत्काल जारी किए गए। संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए भी कहा गया।
इस दौरान 20 ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जबकि 4 पात्र हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति का लाभ भी दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के जिला एवं स्थानीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कलेक्टर सूर्यवंशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को त्वरित राहत मिल सके।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
