250 करोड़ की सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, रीवा में दो मैरिज गार्डनों पर चला बुलडोजर
रीवा, मध्यप्रदेश। रीवा जिले में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 250 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई नगर निगम क्षेत्र के धोबिया टंकी के समीप अनाथालय से लगी सरकारी भूमि पर की गई, जहां वर्षों से कथित रूप से उत्सव मैरिज गार्डन और विंध्य मैरिज गार्डन संचालित किए जा रहे थे।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने पहले संबंधित भूमि का सीमांकन कराया। सीमांकन में सरकारी भूमि की स्पष्ट पहचान होने के बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
प्रशासन के अनुसार सरकारी भूमि पर बने उत्सव मैरिज गार्डन और विंध्य मैरिज गार्डन द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए बुलडोजर और अन्य मशीनों का उपयोग किया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व, नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि सरकारी भूमि की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा पाया जाएगा, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी व्यक्ति या संस्था को सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि जिले में सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। राजस्व विभाग ऐसे मामलों की निगरानी कर रहा है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य स्थानों पर भी सीमांकन कर इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करने की अपील भी की है।
ब्यूरो रिपोर्ट : रीवा, मध्यप्रदेश
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
