रीवा में देवरानी-जेठानी के बीच गरमाया प्रॉपर्टी विवाद, जेठानी ने लगाए फर्जी वसीयत के आरोप
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। वार्ड क्रमांक 4, पडरा नई बस्ती खैरी में देवरानी और जेठानी के बीच संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया है। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और दोनों पक्षों की ओर से संपत्ति पर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, देवरानी निर्जला दीक्षित ने संपत्ति पर अपना दावा करते हुए जेठानी गायत्री दीक्षित के खिलाफ न्यायालय का रुख किया था। इसके बाद जेठानी गायत्री दीक्षित की ओर से न्यायालय से स्टे लिए जाने की बात सामने आई है।
निर्जला दीक्षित का दावा है कि जिस रिहायशी बिल्डिंग में निजी स्कूल संचालित हो रहा है, वह संपत्ति उनके नाम है। वहीं, गायत्री दीक्षित का कहना है कि उक्त संपत्ति में चार भाइयों का हिस्सा है और उनकी सास द्वारा काफी पहले सभी भाइयों के बीच मौखिक बंटवारा किया जा चुका था। हालांकि, इस बंटवारे से संबंधित कोई लिखित दस्तावेज होने की बात सामने नहीं आई है।
देवरानी ने पहले लगाए थे आरोप
बीते दिनों निर्जला दीक्षित ने मीडिया के सामने आकर आरोप लगाया था कि पडरा वार्ड क्रमांक 4 स्थित दीक्षित कॉम्प्लेक्स उनका है। उनके अनुसार, वर्ष 2023 से रमेश द्विवेदी द्वारा इसी परिसर में स्कूल संचालित किया जा रहा है।
निर्जला दीक्षित का आरोप है कि उन्होंने स्कूल संचालक से स्कूल संचालन के संबंध में एग्रीमेंट करने की बात कही थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी अन्य व्यक्ति के नाम से कथित तौर पर फर्जी एग्रीमेंट तैयार कर स्कूल संचालित किया जा रहा है।
इस संबंध में उनके द्वारा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत किए जाने और सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज होने की बात भी कही गई है। हालांकि, इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर उनका दावा है कि अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
जेठानी ने लगाए जाली वसीयत के आरोप
अब पूरे मामले में जेठानी गायत्री दीक्षित ने अपना पक्ष रखते हुए अलग दावा पेश किया है। उनका कहना है कि उनके पति का निधन हो चुका है और दीक्षित कॉम्प्लेक्स में चार भाइयों का हिस्सा है। उनके अनुसार, उनकी सास द्वारा काफी पहले सभी भाइयों के बीच संपत्ति का मौखिक बंटवारा किया जा चुका था।
गायत्री दीक्षित का आरोप है कि उनकी देवरानी निर्जला दीक्षित पूरी संपत्ति पर अकेले अधिकार का दावा कर रही हैं और सभी भाइयों के कथित फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए जाली वसीयत तैयार कराई गई है। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और उनके द्वारा कोर्ट से स्टे लिया गया है। न्यायालय का अंतिम निर्णय अभी नहीं आया है।
गायत्री दीक्षित ने यह भी आरोप लगाया कि इसके बावजूद निर्जला दीक्षित द्वारा उन्हें आए दिन प्रताड़ित किया जाता है। उनके अनुसार, घर पर आकर गाली-गलौज और धमकी देने के साथ स्कूल के बच्चों एवं शिक्षकों को भी परेशान किया जाता है। गायत्री का दावा है कि इस संबंध में न्यायालय की ओर से भी हिदायत दी जा चुकी है।
स्कूल संचालन को लेकर भी विवाद
गायत्री दीक्षित के अनुसार, स्कूल संचालक रमेश द्विवेदी द्वारा दीक्षित कॉम्प्लेक्स में स्कूल संचालित किया जा रहा है और उनके साथ बाकायदा एग्रीमेंट है। उनके मुताबिक, स्कूल में करीब 250 बच्चे पढ़ते हैं।
गायत्री दीक्षित का कहना है कि देवरानी द्वारा अक्सर स्कूल और बिल्डिंग खाली करने की धमकी दी जाती है तथा किसी अन्य स्कूल को संचालित कराने की बात कही जाती है। उन्होंने कहा कि यदि स्कूल और बिल्डिंग खाली होती है तो करीब 250 बच्चों, वहां कार्यरत शिक्षकों और उनके परिवार के भविष्य पर असर पड़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन-प्रशासन और न्यायालय से उन्हें न्याय मिलेगा।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
