कागजों में बनी सड़क, हकीकत में कीचड़ का रास्ता! महिला की चारपाई पर ले जाते समय मौत, विधायक निधि पर उठे सवाल
रीवा/मनगवां, बुलेट रिपोर्टर।
मनगवां विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नदना उर्फ डिहिया में सड़क निर्माण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक निधि से सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत हुई और अभिलेखों में सड़क बनना भी दर्शा दिया गया, लेकिन मौके पर आज भी सड़क का अभाव है। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में मरीजों को चारपाई के सहारे मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार, हाल ही में एक महिला को इलाज के लिए चारपाई पर ले जाया जा रहा था, लेकिन समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही महिला का निधन हो चुका है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने और कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सड़क का निर्माण समय पर और गुणवत्तापूर्ण हुआ होता, तो ऐसी स्थिति शायद उत्पन्न नहीं होती।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
