विस में विधायक रीती पाठक ने उठाए विकास व जनहित से जुड़े अहम मुद्दे
बुलेट रिपोर्टर सीधी। स्थानीय विधायक श्रीमती रीती पाठक ने विधानसभा सत्र के दौरान विकास एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने चिकित्सा सुविधाओं, राजस्व प्रकरणों के निराकरण, शासकीय भूमि की उपलब्धता तथा पर्यटन विकास से जुड़े विषयों पर सरकार से जवाब मांगा।
विधायक ने सीधी में प्रस्तावित नवीन मेडिकल कॉलेज की स्थापना, चिकित्सकों एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी, मातृ स्वास्थ्य सेवाओं तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया की स्वास्थ्य सुविधाओं का मुद्दा विधानसभा में उठाया। सरकार ने बताया कि सीधी मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मॉडल पर स्थापित किए जाने की सूची में शामिल किया गया है तथा इसके लिए निविदा प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा चुकी है।
इसके अलावा सेमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 20 बिस्तरीय नए भवन के निर्माण की आवश्यकता स्वीकार करते हुए नई एक्स-रे मशीन स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी भी सरकार द्वारा दी गई।
राजस्व मामलों में विधायक ने शासकीय भूमि, अतिक्रमण, लंबित राजस्व प्रकरणों एवं विकास कार्यों के लिए भूमि आवंटन का विषय भी उठाया। विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार गोपद बनास एवं कुसमी तहसील में शासकीय भूमि उपलब्ध है तथा सीधी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के लिए भूमि आवंटन के आवेदन लंबित हैं।
पर्यटन विकास को लेकर गौरगिरा (गोरियरा) बांध में प्रवेश द्वार, किचन, जनसुविधा केंद्र एवं पाथवे जैसे विकास कार्य प्रगतिरत होने की जानकारी भी सरकार ने विधानसभा में दी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
