मध्य प्रदेश ने रचा रिकॉर्ड, 1.04 करोड़ मीट्रिक टन अनाज उपार्जन के साथ देश में बना नंबर-1 : संजीव कांकर
रीवा। मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष संजीव कांकर शनिवार को रीवा पहुंचे। यहां उन्होंने राइस मिल एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में इस वर्ष रिकॉर्ड 1 करोड़ 4 लाख मीट्रिक टन अनाज का उपार्जन हुआ है, जो पूरे देश में सर्वाधिक है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रदेश सरकार की किसान हितैषी नीतियों को दिया।
संजीव कांकर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों के एक-एक दाने की खरीदी सुनिश्चित करना है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश ने रिकॉर्ड उपार्जन कर देश में पहला स्थान हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार केवल किसानों की समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ न्याय करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री स्वयं किसानों के बीच जाकर धान की रोपाई, ट्रैक्टर एवं बैलगाड़ी चलाकर यह संदेश देते हैं कि सरकार आमजन और किसानों के साथ खड़ी है।
कार्यक्रम के दौरान राइस मिलर्स ने अपनी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस पर संजीव कांकर ने आश्वासन दिया कि मिलर्स की समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाकर उनके शीघ्र निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
बाइट : संजीव कांकर, उपाध्यक्ष, मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
