भाजपा नेता समेत 6 गिरफ्तार: कारोबारी पर हमला, जमीन विवाद ने पकड़ा सियासी तूल
कटनी | ब्यूरो बुलेट रिपोर्टर
माधवनगर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी मुकेश कुमार गुप्ता, उनके भाई और वाहन चालक पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने सोमवार को भाजपा नेता हर्ष पांडेय समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद हर्ष पांडेय की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें पुलिस सुरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार जारी है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह पूरा मामला रविवार सुबह करीब 10:30 बजे विश्राम बाबा स्थित काली माता मंदिर के सामने एक खाली प्लॉट पर हुए विवाद से जुड़ा है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, व्यवसायी मुकेश गुप्ता अपने भाई और चालक के साथ प्लॉट पर मौजूद थे, तभी भाजपा से जुड़े कुछ नेता और उनके समर्थक लाठी-डंडों व अन्य हथियारों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर मारपीट की, कट्टा अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी और बलवा किया।
मुकेश गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने रमेश शुक्ला, यज्ञवल शुक्ला, हर्ष पांडेय, अरमान द्विवेदी, मनोज कुशवाहा, कोका शुक्ला, मनु परौहा सहित 30-35 अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराया मामला
इसी घटना में दूसरे पक्ष की ओर से रमेश कुमार शुक्ला की शिकायत पर पुलिस ने मुकेश गुप्ता, राकेश गुप्ता, आशु गुप्ता एवं अन्य के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में अलग प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने भाजपा नेता हर्ष पांडेय के अलावा नीलेश विश्वकर्मा, चाहत सोनी, मनोज कुशवाहा, विकास गुप्ता और सुधाकर गौतम को गिरफ्तार किया है। सुधाकर गौतम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आल्टो कार (एमपी-21-सीसी-4332) भी जब्त की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
भाजपा की बढ़ी मुश्किलें
घटना में भाजपा से जुड़े नेताओं के नाम सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। विपक्ष इस मामले को लेकर भाजपा पर हमलावर है, वहीं स्थानीय स्तर पर भी पार्टी की छवि को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र में यह चर्चा है कि राजनीतिक संरक्षण की आड़ में जमीन कब्जाने जैसे मामलों को बढ़ावा मिल रहा है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
