रीवा में चरित्र संदेह में पति की खौफनाक करतूत, पत्नी को बंधक बनाकर घर में आग लगाने का आरोप
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानी नगर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। घटना की वजह पति-पत्नी के बीच चरित्र संदेह को लेकर हुआ विवाद बताई जा रही है। महिला ने अपने पति पर उसे बंधक बनाकर जिंदा जलाने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता सुमन के अनुसार, उसका पति शादी के करीब दो साल बाद से ही उसके साथ अक्सर मारपीट करता आ रहा था। इस संबंध में वह पूर्व में पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करा चुकी है। महिला का आरोप है कि गुरुवार सुबह पति अचानक घर में आया और उसके साथ मारपीट करते हुए उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसने कथित तौर पर घर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखा सामान जलकर राख हो गया।
कमरे में कैद महिला ने आग की लपटों के बीच किसी तरह अपने भाइयों को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़कर महिला को बाहर निकाला। इस तरह महिला की जान बच सकी।
वहीं, आरोपी पति ने पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करती थी। जब उसने इसका विरोध किया और कथित तौर पर उसे रंगे हाथों पकड़ा, तो पत्नी उससे विवाद करने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आग पर काबू पाने में मदद की और पति-पत्नी दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। दोनों पक्षों के बयानों, पूर्व शिकायतों और मौके से मिले तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
