कोषालय के एक लिपिक की छुट्टी से 700 कर्मचारियों का वेतन अटका, समय पर भुगतान न होने से बढ़ी परेशानी
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। विकासखंड शिक्षा अधिकारी (आहरण एवं संवितरण) रीवा कार्यालय के अधीन कार्यरत लगभग 700 कर्मचारियों का अगस्त माह का वेतन 5 अगस्त तक भी उनके खातों में नहीं पहुंच सका। बताया जा रहा है कि 4396 हेड से संबंधित वेतन भुगतान की प्रक्रिया उस कोषालय लिपिक के अवकाश पर चले जाने से प्रभावित हो गई, जिसके पास वेतन भुगतान से संबंधित आवश्यक पासवर्ड उपलब्ध है। वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण भुगतान लंबित पड़ा हुआ है।
वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बैंक से ऋण लेने वाले कर्मचारियों को समय पर ईएमआई नहीं कटने, चेक बाउंस होने, बैंक की पेनाल्टी लगने और सिबिल स्कोर प्रभावित होने की चिंता सता रही है। इसे लेकर कर्मचारियों में नाराजगी व्याप्त है।
कर्मचारियों का कहना है कि कोषालय की पूरी वेतन प्रक्रिया किसी एक कर्मचारी पर निर्भर नहीं रहनी चाहिए। ऐसी परिस्थितियों के लिए पहले से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसी कर्मचारी के अवकाश पर रहने से सैकड़ों कर्मचारियों का वेतन प्रभावित न हो।
जानकारी यह भी सामने आई है कि इस बार विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा भी वेतन प्रकरण समय पर कोषालय को प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे भुगतान में अनावश्यक देरी हुई। कर्मचारियों का कहना है कि यदि वेतन प्रकरण समय पर भेजा जाता और कोषालय में वैकल्पिक व्यवस्था रहती, तो इस स्थिति से बचा जा सकता था।
फिलहाल कर्मचारी शीघ्र वेतन भुगतान की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि वेतन में हो रही देरी से आर्थिक प्रबंधन प्रभावित हो रहा है और अनावश्यक वित्तीय नुकसान उठाना पड़ सकता है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
