रीवा में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 16.632 किलो गांजा और अवैध पिस्टल के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार
रीवा ब्यूरो रिपोर्ट।
रीवा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार 2.0 अभियान के तहत समान थाना पुलिस ने गड़रिया नहर के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गड़रिया नहर के पास गांजा बिक्री के लिए लेकर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी।
कुछ देर बाद रिंग रोड की तरफ से एक व्यक्ति हाथ में कपड़े का थैला लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद थैले से 16 पैकेटों में रखा कुल 16.632 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 32 हजार 640 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा आरोपी के पास से देशी पिस्टल, मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 28 हजार 840 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अम्बर शुक्ला (28 वर्ष), निवासी चिरहुला कॉलोनी, थाना बिछिया, रीवा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में हत्या और चोरी सहित करीब 6 अपराध पहले से दर्ज हैं।
आरोपी के खिलाफ धारा 8, 20(बी) एनडीपीएस एक्ट और 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
