बाघिन ने शावकों संग किया नीलगाय का शिकार, सड़क पार कर जंगल में ले गई शव
बुलेट रिपोर्टर सिवनी। पेंच टाइगर रिजर्व से वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों को रोमांचित कर देने वाला वीडियो सामने आया है। खवासा बफर गेट के पास जुगनी बाघिन ने अपने दो शावकों के साथ मिलकर नीलगाय का शिकार किया। शिकार के बाद बाघिन नीलगाय के शव को अपने कब्जे में लेकर दोनों शावकों के साथ जंगल में घसीटते हुए सड़क तक पहुंची।
इसके बाद बाघिन ने बेहद सतर्कता के साथ सड़क पार की और नीलगाय के शव को जंगल के दूसरी ओर ले गई। इस पूरे घटनाक्रम को सफारी पर पहुंचे पर्यटकों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया।
वीडियो में बाघिन और उसके दोनों शावक नीलगाय के शव को खींचकर ले जाते हुए साफ नजर आ रहे हैं। जंगल के बीच बाघिन और शावकों का यह सामूहिक शिकार पर्यटकों के लिए रोमांच और कौतूहल का केंद्र बन गया। शिकार के इस दुर्लभ दृश्य का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, शावकों का मां के साथ शिकार के बाद शिकार को खींचकर ले जाना उनके व्यवहार और शिकार की प्रक्रिया को करीब से देखने का दुर्लभ अवसर है। पेंच के जंगलों में सामने आया यह दृश्य एक बार फिर वन्यजीवों की प्राकृतिक दुनिया की रोमांचक तस्वीर पेश करता है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
