कंटेनर में लगी आग, गुस्साए ढाबा संचालकों और ट्रक चालकों ने हाईवे पर लगाया जाम
बुलेट रिपोर्टर सिवनी। छपारा थाना क्षेत्र के बंजारी मंदिर के पास रविवार सुबह नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चलते कंटेनर में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद दमकल और पुलिस की सेवाएं समय पर नहीं पहुंचने का आरोप लगाते हुए मेवाती ढाबा संचालकों और ट्रक चालकों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। इस दौरान मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और जमकर हंगामा हुआ।
सूचना मिलने पर छपारा पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान आग की चपेट में आए कंटेनर की टक्कर से पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम और हंगामे की स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि हाईवे पर जाम और हंगामे के दौरान घटना की कवरेज कर रहे एक स्थानीय मीडियाकर्मी का मोबाइल भी कथित रूप से छीन लिया गया। मामले को लेकर पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पुलिस आग लगने के कारणों के साथ-साथ हाईवे पर जाम लगाने और हंगामे के दौरान हुई घटनाओं को लेकर भी जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
