ड्रग फ्री रीवा का संकल्प: 4 हजार छात्रों ने बनाई मानव श्रृंखला, नशामुक्त समाज का लिया संकल्प
बुलेट रिपोर्टर रीवा। मध्यप्रदेश पुलिस के "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत सोमवार को रीवा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विशाल जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 4 हजार छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन डॉ. गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक जीवन अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर आईजी डॉ. गौरव राजपूत ने छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर "Drug Free Rewa" का संदेश दिया, जो आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखना, उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना और समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करना है।
रीवा पुलिस का यह अभियान युवाओं में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
