रीवा में 75 साल पुरानी ऐतिहासिक ‘चौरसिया बिल्डिंग’ जमींदोज, टला बड़ा हादसा
भारी बारिश में छज्जा गिरने से टला था बड़ा हादसा, बिल्डिंग ऑनर के आवेदन पर नगर निगम ने की जर्जर भवन गिराने की कार्रवाई
बुलेट रिपोर्टर रीवा। शहर की करीब 75 साल पुरानी ऐतिहासिक ‘चौरसिया बिल्डिंग’ आखिरकार जमींदोज कर दी गई। लगातार हो रही बारिश के बीच भवन का एक हिस्सा जर्जर होकर गिर गया था, जिससे बड़े हादसे का खतरा पैदा हो गया था। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया गया कि लगातार बारिश के कारण भवन की हालत और अधिक जर्जर हो गई थी। भवन का छज्जा गिरने के बाद आसपास के लोगों में भी भय का माहौल था। संभावित हादसे को देखते हुए भवन मालिक की ओर से नगर निगम में जर्जर भवन को गिराने के लिए आवेदन दिया गया था।
नगर निगम ने किया निरीक्षण
आवेदन मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर भवन की स्थिति का निरीक्षण किया। भवन की जर्जर हालत को देखते हुए निगम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए ऐतिहासिक चौरसिया बिल्डिंग को गिरा दिया।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के इंतजाम किए गए, ताकि आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों को किसी तरह का खतरा न हो।
75 साल पुरानी इमारत अब इतिहास
करीब 75 वर्षों से शहर के इतिहास का हिस्सा रही यह इमारत अब पूरी तरह जमींदोज हो चुकी है। लंबे समय से जर्जर हो चुके भवन को गिराए जाने से संभावित हादसे का खतरा तो टल गया, लेकिन पुरानी इमारत से जुड़ी शहरवासियों की यादें भी अब चर्चा में हैं।
अन्य जर्जर भवनों पर भी उठे सवाल
चौरसिया बिल्डिंग गिराए जाने के बाद शहर में मौजूद अन्य जर्जर और खतरनाक भवनों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। लगातार बारिश के बीच ऐसे भवनों का समय रहते निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई किया जाना जरूरी है, ताकि किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
