मऊगंज में आफत की बारिश से तबाही, नईगढ़ी नगर डूबा; प्रशासन और SDRF की लापरवाही पर फूटा जनता का गुस्सा
ब्यूरो रिपोर्ट मऊगंज।
जिले के नईगढ़ी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जारी लगातार भारी बारिश ने अब रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है। सबसे ज्यादा तबाही नईगढ़ी क्षेत्र में देखने को मिल रही है। नदी-नाले उफान पर हैं और नईगढ़ी नगर के कई हिस्सों में चारों तरफ पानी भर गया है। कई रिहायशी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने के बाद लोग अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं।
अष्टभुजा जलप्रपात के पास हादसा, घंटों तेज बहाव में फंसा श्रमिक
भारी बारिश के बीच क्षेत्र के प्रसिद्ध अष्टभुजा जलप्रपात के समीप एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार एक बाहरी श्रमिक तेज पानी के बहाव की चपेट में आ गया और करीब दो घंटे तक पानी के बीच जिंदगी और मौत से जूझता रहा।
घटना की जानकारी मिलने के बावजूद समय पर रेस्क्यू टीम के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आपात स्थिति के बावजूद SDRF की टीम समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी।
प्रशासन की लेत-लतीफी पर ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासनिक अमले को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल दिए जाने के बावजूद लंबे समय तक प्रशासनिक अधिकारी और SDRF टीम मौके पर नहीं पहुंची।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाता तो स्थिति को बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था। हालांकि घटना में श्रमिक की स्थिति और मौत की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी उपलब्ध नहीं है, इसलिए पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
अभी भी तीन लोगों के फंसे होने की जानकारी
नईगढ़ी क्षेत्र में लगातार बारिश और तेज बहाव के बीच अभी भी तीन लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आ रही है। प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। ऐसे में प्रशासन और राहत-बचाव टीमों के सामने प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने, जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत पहुंचाने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बनाए रखने की बड़ी चुनौती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी रेस्क्यू अभियान चलाने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त राहत-बचाव व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
