उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से की भेंट, 9 अगस्त से रीवा-कोलकाता और रीवा-भोपाल विमान सेवा होगी शुरू
बुलेट रिपोर्टर रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने 9 अगस्त से प्रारंभ होने जा रही रीवा-कोलकाता एवं रीवा-भोपाल (72 सीटर) विमान सेवाओं के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में हवाई संपर्क का लगातार विस्तार हो रहा है। रीवा से कोलकाता एवं भोपाल के लिए शुरू होने वाली नई विमान सेवाएं विंध्य क्षेत्र में उद्योग, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन एवं निवेश की संभावनाओं को नई गति देंगी और क्षेत्र के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से विंध्य क्षेत्र राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से और अधिक सशक्त रूप से जुड़ेगा। साथ ही स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, उद्यमियों और पर्यटकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
रीवा एयरपोर्ट विंध्य के विकास का मजबूत आधार
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट, जो कभी केवल एक हवाई पट्टी था, आज प्रधानमंत्री की उड़ान योजना के तहत विकसित होकर विंध्य क्षेत्र के विकास का मजबूत आधार बन चुका है। उन्होंने कहा कि अल्प समय में रीवा एयरपोर्ट ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है और दिल्ली व रायपुर जैसी प्रमुख शहरों से हवाई संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र को व्यापक लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती जन-आवश्यकताओं को देखते हुए 9 अगस्त से रीवा-कोलकाता और रीवा-भोपाल के लिए नई विमान सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इन नई उड़ानों से विंध्य क्षेत्र देश के पूर्वी भाग सहित अन्य प्रमुख शहरों से और अधिक प्रभावी रूप से जुड़ सकेगा।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
