मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज पन्ना में देंगे 204 करोड़ रुपये से अधिक की 22 विकास परियोजनाओं की सौगात
बुलेट रिपोर्टर पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (24 जुलाई) पन्ना जिले के प्रवास पर रहेंगे। जिला मुख्यालय स्थित होमगार्ड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में वे 204 करोड़ 26 लाख रुपये लागत के 22 विकास कार्यों की सौगात जिलेवासियों को देंगे। इनमें 94 करोड़ 63 लाख रुपये के 6 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 109 करोड़ 63 लाख रुपये के 16 विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री शासकीय सांदीपनि उमा विद्यालय गुनौर एवं पवई, शासकीय महाविद्यालय पवई के नवीन भवनों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा बृजपुर एवं सुहावा बैराज योजना, बृहस्पति कुंड के सौंदर्यीकरण, ग्लास फ्लोर एवं व्यू प्वाइंट सहित अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण होगा।
चार प्रमुख सड़कों का भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री टांईं पहुंच मार्ग, मकरंदगंज-हरद्वाही-गुनौर मार्ग, मड़वा से बंधा मार्ग तथा सप्तैया-झरकुआं-पगरा-बम्हौरी मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे।
इसके साथ ही डायमंड म्यूजियम, संयुक्त एसडीएम कार्यालय भवन पन्ना, छत्रसाल पीजी कॉलेज के विज्ञान भवन के रेनोवेशन एवं नवीन निर्माण कार्यों की आधारशिला भी रखी जाएगी। गीता पेट्रोल पंप से पोस्ट ऑफिस तिराहा तक सड़क एवं डिवाइडर निर्माण तथा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत जल प्रबंधन कार्यों का भी भूमि-पूजन होगा।
छात्रावास और शैक्षणिक भवनों का निर्माण
कार्यक्रम में शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पन्ना में कर्मशाला एवं नवीन भवन निर्माण, अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पवई के नए भवन, शासकीय उत्कृष्ट उमा विद्यालय पवई में 100-100 सीटर बालक एवं बालिका छात्रावास तथा शासकीय हाईस्कूल रक्सेहा एवं भापतपुर कुर्मियान के हायर सेकेंडरी में उन्नयन कार्यों का भूमि-पूजन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री का यह दौरा पन्ना जिले में सड़क, शिक्षा, पर्यटन, प्रशासनिक ढांचे और आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
