बिछिया नदी में डूबा 14 वर्षीय बालक, गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी
बुलेट रिपोर्टर।
रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत इटार गांव में नागपंचमी के अवसर पर पुतली विसर्जन के दौरान 14 वर्षीय बालक शिवा रावत पिता प्रधान रावत बिछिया नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जानकारी के अनुसार, शिवा गांव की लड़कियों के साथ पुतली विसर्जन के लिए गया था। इसी दौरान इटार गांव की पुलिया से अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिरकर तेज बहाव के साथ बह गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बालक की तलाश शुरू की, लेकिन रात का अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन में कठिनाई आई। काफी खोजबीन के बावजूद बालक का पता नहीं चल सका।
गोताखोरों की टीम ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ। सुबह गोताखोरों और राहत दल की टीम मौके पर पहुंची और बिछिया नदी में बालक की तलाश शुरू कर दी। नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटनास्थल गुढ़ थाना और मनिकवार चौकी की सीमा के बीच स्थित है। इसके चलते गुढ़ थाना पुलिस और मनिकवार चौकी पुलिस संयुक्त रूप से मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रही है।
शिवा रावत इटार गांव में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था। पुलिस और बचाव दल द्वारा बालक की तलाश लगातार जारी है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
