मऊगंज में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पर पुलिस का छापा, 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹1.28 करोड़ का मशरूका जब्त
मऊगंज | बुलेट रिपोर्टर
मऊगंज पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुर थाना क्षेत्र में संचालित अवैध एमडी (सिंथेटिक मादक पदार्थ) निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹1 करोड़ 28 लाख मूल्य का मशरूका जब्त किया है।
कार्रवाई 'ऑपरेशन प्रहार-2' के तहत पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 360 ग्राम संदिग्ध एमडी ड्रग, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1 करोड़, ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त 300 लीटर से अधिक रसायन, उपकरण एवं मशीनरी (अनुमानित मूल्य ₹15 लाख) तथा महिंद्रा नियो बोलेरो वाहन (अनुमानित मूल्य ₹13 लाख) जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में चंदन सिंह, अशोक गुप्ता, पीकचंद्र यादव और ऋषभ सेन शामिल हैं, जो रीवा जिले के निवासी हैं।
इस मामले में शाहपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क, स्रोत और अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इस सफल कार्रवाई पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना और आईजी रीवा जोन गौरव राजपूत ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बाइट : सुरेंद्र कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक मऊगंज
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
