सेमरिया पुलिस ने नशीली दवाओं के साथ आरोपी को दबोचा, 320 कैप्सूल, 225 अल्प्राजोलम टैबलेट व 11 शीशी कफ सिरप जब्त
घूम-घूमकर बेच रहा था नशीली दवाएं, पुलिस ने दबोचा
सेमरिया पुलिस की कार्रवाई, 320 कैप्सूल, 225 अल्प्राजोलम टैबलेट और 11 शीशी कफ सिरप जब्त
बुलेट रिपोर्टर सेमरिया, रीवा। सेमरिया पुलिस ने अवैध रूप से नशीली प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीली टैबलेट, कैप्सूल और कफ सिरप बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना सेमरिया में पहले से तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा तथा एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक ललन सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खारा निवासी गौरव सिंह उर्फ मोनू अटरिया मोड़ के पास नशीली कफ सिरप और प्रतिबंधित दवाएं बिक्री के लिए लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के झोले से 320 नग पीवाईवॉन स्पास प्लस (PYEEVON SPAS PLUS) कैप्सूल, 225 नग अल्प्राजोलम टैबलेट तथा 11 शीशी ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप बरामद हुई। आरोपी इनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पूरा माल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी गौरव सिंह उर्फ मोनू (25 वर्ष) निवासी ग्राम खारा के विरुद्ध थाना सेमरिया में पहले से तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले की विवेचना जारी है।
जब्त सामग्री
- 320 नग पीवाईवॉन स्पास प्लस कैप्सूल
- 225 नग अल्प्राजोलम टैबलेट
- 11 शीशी ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप
- कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 7,900 रुपये
सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल, उपनिरीक्षक ललन सिंह नेताम, उपनिरीक्षक लंकेश वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक गिरजा प्रसाद पाण्डेय, प्रधान आरक्षक हफीजुर्रहमान, प्रधान आरक्षक प्रमोद अग्निहोत्री, आरक्षक प्रबल त्रिपाठी, शिवम सिंह, जोगेन्द्र गौतम एवं विवेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
