सिंगरौली में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार, 91.790 किलो गांजा और 93 लीटर शराब जब्त
बुलेट रिपोर्टर सिंगरौली। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. गौरव राजपूत के नेतृत्व में सिंगरौली पुलिस ने मकरोहर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 91 किलो 790 ग्राम गांजा, 93 लीटर अवैध शराब और दो कारें जब्त की हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत 24 लाख 86 हजार 910 रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
SP सिंगरौली ने मौके पर पहुंचकर की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंगरौली पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने प्रकरण से जुड़ी हर कड़ी की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त गांजा और शराब कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं और इस अवैध नेटवर्क का संचालन किस स्तर पर किया जा रहा था।
तस्करों में मचा हड़कंप
सिंगरौली में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद नशे के अवैध कारोबार से जुड़े तस्करों और कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। रीवा जोन पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही जा रही है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
