मनगवां में कबाड़ के नाम पर चोरी के माल का सिंडिकेट? पुलिस ने शुरू की जांच
रीवा | बुलेट रिपोर्टर
रीवा जिले की मनगवां नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-10 में संचालित दो कबाड़ दुकानों को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय सूत्रों का दावा है कि यहां कबाड़ के नाम पर चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त का संगठित नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि हसन कबाड़ी और गुड्डू कबाड़ी द्वारा संचालित प्रतिष्ठानों पर न केवल रीवा जिले, बल्कि आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से भी संदिग्ध कबाड़ लाया जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इन दुकानों पर चोरी की साइकिल, मोटरसाइकिल, भारी वाहनों के लोहे के हिस्से, रेलवे स्क्रैप, बिजली के पोल, एल्युमिनियम तार, ट्रांसफार्मर के हिस्से सहित अन्य धातु सामग्री की खरीद-फरोख्त किए जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही हैं।
लोगों का कहना है कि क्षेत्र में होने वाली कई चोरी की वारदातों का माल इन्हीं कबाड़ दुकानों तक पहुंचता है और यहां से प्रतिदिन ट्रकों के माध्यम से दिल्ली, हरियाणा सहित अन्य राज्यों के लिए भेजा जाता है। सूत्रों की मानें तो कारोबार का मासिक टर्नओवर करीब 50 लाख रुपये या उससे अधिक हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि यदि इतने बड़े स्तर पर कारोबार संचालित हो रहा है तो संबंधित विभागों और पुलिस की निगरानी में यह गतिविधि कैसे जारी रही। लोगों का कहना है कि वर्षों से शिकायतें होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो चोरी के कई मामलों का खुलासा हो सकता है और एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश संभव है।
शिकायत के बाद पुलिस पहुंची मौके पर
शिकायत मिलने के बाद मनगवां थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा पुलिस टीम के साथ वार्ड क्रमांक-10 स्थित कबाड़ के गोदाम (वेयरहाउस) पहुंचे और शिकायतों का सत्यापन शुरू किया।
पुलिस ने कबाड़ कारोबारियों हसन खान एवं गुड्डू खान को लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों सहित थाना उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार शिकायत में बिजली के तार, ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, खंभों के स्क्रैप तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों के पार्ट्स काटकर गलाने और उन्हें दिल्ली व हरियाणा भेजे जाने के आरोप लगाए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
क्या बोले थाना प्रभारी?
थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मनगवां के वार्ड क्रमांक-10 में संचालित कबाड़ कारोबार को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि संबंधित कारोबारियों से लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए हैं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
