मैहर में मंच से प्रभारी मंत्री ने नपा अध्यक्ष पति को लगाई फटकार, कहा- महिलाओं को आगे आने दीजिए
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो मैहर। मैहर में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उस समय रोचक स्थिति बन गई, जब प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोनी के पति संतोष सोनी को मंच से ही नसीहत दे डाली। मंत्री ने महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को नेतृत्व में आगे लाना चाहती है, लेकिन कई बार उनके स्थान पर उनके परिजन आगे आ जाते हैं, जो उचित नहीं है।
प्रभारी मंत्री ने संतोष सोनी की ओर इशारा करते हुए कहा कि जब नगर पालिका अध्यक्ष उनकी पत्नी हैं, तो उन्हें ही अपनी जिम्मेदारियां निभाने दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए आरक्षित पदों पर निर्वाचित प्रतिनिधियों को स्वयं कार्य करना चाहिए, न कि उनके स्थान पर कोई और।
राधा सिंह ने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि वह स्वयं मंत्री हैं तो क्या अपने पति को प्रभारी जिले का कामकाज संभालने भेज दें? ऐसा नहीं हो सकता। इसी प्रकार निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को भी स्वतंत्र रूप से कार्य करने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने संतोष सोनी से कहा कि सरकार ने महिलाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उन्हें जिम्मेदारी दी है, इसलिए उन्हें पीछे न करें और गीता सोनी को उनके दायित्वों का निर्वहन स्वयं करने दें। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मंत्री की इस टिप्पणी को ध्यानपूर्वक सुना।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
