गंगेव मनगवां अस्पताल में मरीजों से अभद्रता और ड्यूटी में लापरवाही पर नर्सिंग ऑफिसर को नोटिस
रीवा बुलेट रिपोर्टर | गंगेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) डॉक्टर देवव्रत पाण्डेय ने नर्सिंग ऑफिसर सुश्री जया गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में मरीजों एवं हितग्राहियों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतों की पुनरावृत्ति के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जवाब-तलब किया है।
9 जुलाई 2026 को जारी नोटिस में उल्लेख है कि विभाग को लगातार लिखित शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिनमें आरोप लगाया गया है कि संबंधित नर्सिंग ऑफिसर हितग्राहियों से असम्मानजनक व्यवहार करती हैं और नियमित रूप से समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचतीं। इन शिकायतों के मद्देनजर बीएमओ ने दो दिनों के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो पूरे मामले की रिपोर्ट वरिष्ठ कार्यालय को भेजकर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। ऐसी स्थिति में इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित नर्सिंग ऑफिसर के कार्य व्यवहार को लेकर पूर्व में भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ताजा नोटिस के बाद अस्पताल परिसर में पूरे मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
नोटिस के मुख्य बिंदु
मरीजों एवं हितग्राहियों से अभद्र व्यवहार।
समय पर ड्यूटी पर उपस्थित न होना।
शिकायतें लगातार मिलने के बाद जारी हुआ कारण बताओ नोटिस।
48 घंटे में जवाब देने के निर्देश।
जवाब संतोषजनक नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
