भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत, दो दर्जन घायल
भिंड। जिले में बीती देर रात एनएच-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी पिकअप और डंपर की जोरदार भिड़ंत में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि पिकअप में सवार सभी मजदूर डबरा के चीनौर से मजदूरी कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान छीमका गांव के पास हाईवे पर बैठी गायों को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार मजदूरों को गंभीर चोटें आईं।
पांच की मौके पर मौत, तीन ने रास्ते में तोड़ा दम
दुर्घटना में पांच मजदूरों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल तीन अन्य मजदूरों को उपचार के लिए ग्वालियर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई।
हादसे में घायल करीब दो दर्जन मजदूरों को तत्काल गोहद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस सहित आसपास के थानों का पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकलवाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसा वास्तव में गायों को बचाने के प्रयास में हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
स्थान: एनएच-719, छीमका गांव के पास, गोहद चौराहा थाना क्षेत्र, भिंड।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
