जबलपुर में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, प्रेमी युगल गिरफ्तार
बुलेट रिपोर्टर जबलपुर। क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ गांजा के अवैध कारोबार में लिप्त एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 किलो 184 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 59 हजार 200 रुपये बताई गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बरगी बायपास स्थित नेचर ढाबा के पास दो संदिग्ध भारी मात्रा में अवैध सामग्री लेकर खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संध्या सरोते (19 वर्ष), निवासी डिंडौरी और हिमांशु बावरिया (22 वर्ष), निवासी गढ़ा, जबलपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास मौजूद नीले रंग के बैग और 'आकाश बायजूस' लिखे पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर कुल छह पैकेटों में भरा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा, बैग, कंबल और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजे की यह खेप कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई करने वाले थे। मामले में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
