किसानों के लिए लगातार काम कर रही सरकार, नई तकनीक अपनाएं अन्नदाता : सीएम डॉ. मोहन यादव
बुलेट रिपोर्टर। भोपाल/हरदा। हरदा जिले की कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर से वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का अभियान है। उन्होंने किसानों से नई कृषि तकनीकों को अपनाने और खेती को अधिक लाभदायक बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरदा जिला कृषि उत्पादन में अग्रणी है और नर्मदा का जल यहां की खेती को समृद्ध बना रहा है। सरकार सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कर रही है तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, फल, सब्जी, मसाला और प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने किसानों से मिट्टी परीक्षण कराने, रासायनिक उर्वरकों का सीमित उपयोग करने तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने की अपील की। साथ ही फसल विविधीकरण को अपनाकर आय बढ़ाने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सहकारी समितियों से लिए गए ऋणों पर अब किसानों को वर्ष में केवल एक बार ब्याज देना होगा। भूमि अधिग्रहण की स्थिति में बेहतर मुआवजे की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसान कल्याण के लिए लगातार निर्णय ले रही है। किसानों के बैंक खातों में एक साथ 4,000 रुपये सम्मान निधि अंतरित किए गए हैं। वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत प्रदेशभर में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश का सिंचित रकबा बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है। किसानों को जल्द ही दिन और रात दोनों समय सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की योजना है। साथ ही दुग्ध उत्पादन को वर्तमान 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नत खेती की तकनीकों की जानकारी दी। इस अवसर पर उत्कृष्ट किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
