दो दोस्तों ने मिलकर की सिक्योरिटी गार्ड की हत्या, उन्नति से जलन बनी कत्ल की वजह
रीवा | बुलेट रिपोर्टर
रीवा के सिटी कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले युवक का उत्तर प्रदेश के जंगल में मिला था कंकाल।
रीवा के सिटी कोतवाली पुलिस ने कत्ल के एक ऐसे साजिश का खुलासा किया है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। दो दोस्तों ने मिलकर अपने तीसरे दोस्त को महज इसलिए मौत के घाट उतार दिया क्योंकि तीसरे दोस्त की उन्नति उनसे देखी नहीं गई।
रीवा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से निपानिया मोहल्ले से सिक्योरिटी गार्ड का काम करने वाला युवक अनूप सेन अचानक गायब हो गया था।
घटना 18 मई की है जब परिजनों के द्वारा सिटी कोतवाली थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस के द्वारा मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में युवक की तलाश शुरू की गई तभी उत्तर प्रदेश के महुरिया जंगल में एक नर कंकाल मिलने की जानकारी मिली। काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान गुमशुदा युवक अनूप सेन के रूप में हुई।
अब पुलिस कातिलों की तलाश कर रही थी लेकिन जब कातिल की पहचान हुई तो सब हैरान रह गए। मृतक के दोस्त यशवंत चतुर्वेदी निवासी नीरी उत्तर प्रदेश ने अपने साथी पंकज शुक्ला निवासी इटमा उत्तर प्रदेश के साथ मिलकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था जो आपस में जीजा और साले हैं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक उनका साथी था और तीनों सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे लेकिन मृतक जूनियर होने के बावजूद कंपनी में अपनी पैठ बना चुका था और कंपनी को लड़के प्रोवाइड करने लगा था।
इसी बात को लेकर यशवंत और पंकज ने मिलकर अनूप सेन की हत्या की साजिश रची थी। घटना दिवस आरोपी यशवंत चतुर्वेदी मृतक को बुलेट में बिठाकर अपने गांव देवरा ले गया था। रात भर दोनों एक मंदिर में बैठकर शराब पी रहे थे लेकिन जब सुबह पुजारी पहुंचा तो दोनों को वहां से भगा दिया।
अगली सुबह यशवंत ने अपने जीजा पंकज को बुलाया और पहले से तय योजना के अनुसार अनूप को अपने साथ लेकर महुरिया के जंगल में चले गए।
हर खतरे से अनजान मृतक कातिल दोस्तों के साथ घूमता रहा। 19 मई को महुरिया के जंगल में पहले शराब पार्टी हुई, इसके बाद दोनों दोस्तों ने मिलकर अनूप सेन का गमछे से गला घोंट दिया।
आरोपियों ने बताया कि मौत की पुष्टि करने के लिए उसके ऊपर इसके बाद भी हमला किया गया और फिर दोनों आरोपी बुलेट लेकर फरार हो गए। यशवंत ने अपने जीजा पंकज शुक्ला को मृतक की बुलेट देकर कहा कि तुम बुलेट लेकर चले जाओ। इसके बाद बुलेट का नंबर भी बदल दिया गया था।
इस पूरी घटना में हत्या की वजह सुनकर लोग हैरान हैं। दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली यह घटना अब चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
