मऊगंज जनसुनवाई में पहुंचे 98 आवेदन, कलेक्टर संजय कुमार जैन ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
बुलेट रिपोर्टर मऊगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम पथरहा निवासी बृजमोहन सिंह ने लंबित इंतकाली प्रकरण के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं मऊगंज निवासी दीपक कुमार शर्मा ने बैंक खाते पर लगी होल्ड हटाने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने लीड जिला प्रबंधक (एलडीएम) एवं संबंधित बैंक को प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम नरैनी निवासी आरती साकेत ने खाद्यान्न पात्रता पर्ची जारी कराने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने खाद्य विभाग एवं संबंधित पंचायत अधिकारियों को पात्रता का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम तरौड़ा निवासी जागृति मिश्रा ने अनुकंपा नियुक्ति का प्रकरण लोक शिक्षण संचालनालय स्तर पर लंबित होने की जानकारी दी, जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक अनुसरण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ग्राम कोट, तहसील नईगढ़ी निवासी कन्हैया साकेत ने भूमि सीमांकन एवं मौके पर कब्जा दिलाने के संबंध में आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार को प्रकरण का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम खजुरहन निवासी विद्याधर नट ने रास्ता निकलवाने की मांग रखी, जिस पर संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में प्राप्त अन्य आवेदनों पर भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर पी.के. पांडेय, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीएम मऊगंज ए.पी. द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
