गड़रिया में अवैध कॉलोनी पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन: 12 भू-स्वामियों पर FIR और संपत्ति कुर्की के आदेश
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। शहर से लगे जोरी पंचायत के गड़रिया मौजे में अवैध प्लाटिंग और कॉलोनी बसाने के मामले में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई के आदेश दिए हैं। कलेक्टर ने अवैध कॉलोनी विकसित करने वाले 12 भू-स्वामियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण (FIR) दर्ज कराने के साथ उनकी अन्य स्थानों पर स्थित भूमि एवं अविक्रीत संपत्ति को कुर्क कर प्रशासनिक कब्जे में लेने के निर्देश दिए हैं।
मामला तहसील हुजूर के वृत्त कोठी अंतर्गत पटवारी हल्का नंबर-33 स्थित ग्राम गड़रिया का है। राजस्व विभाग की जांच में सामने आया कि संबंधित भू-स्वामियों ने बिना सक्षम अनुमति और कृषि भूमि का डायवर्सन कराए जमीन को छोटे-छोटे भूखंडों में विभाजित कर लोगों को बेच दिया। कॉलोनी में न तो नियमानुसार विकास कार्य कराए गए और न ही पेयजल, सड़क, ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। बिना अनुमति कच्ची सड़कें बनाकर निर्माण कार्य भी कराया गया।
नोटिस का जवाब भी नहीं आया काम
जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर न्यायालय ने सभी 12 भू-स्वामियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया था। जवाब में उन्होंने पारिवारिक जरूरत, कर्ज चुकाने और इलाज के खर्च का हवाला देते हुए जमीन बेचने की बात कही, लेकिन दस्तावेजों की जांच में किसी के पास कॉलोनी विकास, भूमि डायवर्सन अथवा नगर एवं ग्राम निवेश विभाग की वैध अनुमति नहीं मिली। इस कारण उनके तर्क स्वीकार नहीं किए गए।
FIR के साथ बिक्री और नामांतरण पर भी रोक
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने एसडीएम हुजूर को निर्देश दिए हैं कि अवैध कॉलोनी निर्माण में शामिल सभी भू-स्वामियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित थाने में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया जाए। साथ ही कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित भू-स्वामियों की अन्य भूमि एवं अविक्रीत जमीन को कुर्क कर प्रशासनिक कब्जे में लिया जाए।
इसके अतिरिक्त संबंधित खसरों में 'अवैध कॉलोनी' की प्रविष्टि दर्ज करने, नामांतरण और नए विक्रय पत्रों के पंजीयन पर रोक लगाने तथा विद्युत कनेक्शन जारी नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कॉलोनी सेल को हुई आर्थिक क्षति की राशि संबंधितों से वसूलने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
इन भू-स्वामियों पर होगी कार्रवाई
कार्रवाई की जद में गिरिवरधारी दुबे, रामलली दुबे, गोमती प्रसाद दुबे, श्रीनिवास विश्वकर्मा, प्रेमवती विश्वकर्मा, अनीता विश्वकर्मा, संजू उर्फ अंजू विश्वकर्मा, चिड्डी विश्वकर्मा, धनवन्ती रजक, पूनम विश्वकर्मा, सुरेश कुमार उपाध्याय एवं देवेंद्र कुमार तिवारी शामिल हैं।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
