पांच दिन से लापता एलएलबी छात्र की संदिग्ध हालत में मौत, हत्या की आशंका पर हाईवे जाम
रीवा। बुलेट रिपोर्टर ब्रेकिंग।
मनगवां थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पांच दिन से लापता 28 वर्षीय एलएलबी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पथराहा निवासी विनीत कुमार साकेत के रूप में हुई है। शव के पास उसकी दुर्घटनाग्रस्त बाइक भी मिली।
परिजनों ने युवक की मौत को महज सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई और आक्रोशित होकर हाईवे पर जाम लगा दिया।
पांच दिन से लापता था विनीत
जानकारी के अनुसार विनीत साकेत पिछले पांच दिनों से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना मनगवां थाने में दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह बेलवा पहचान स्थित हनुमान जी मंदिर पुल के पास सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त बाइक के साथ युवक का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।
शव की पहचान होने के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
हत्या की आशंका पर हाईवे जाम
परिजनों ने युवक की मौत के पीछे साजिश और हत्या की आशंका जताते हुए सड़क हादसे की कहानी पर सवाल उठाए। इसके बाद आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम लगा दिया।
सूचना मिलते ही मनगवां थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना रविवार रात की है और इसकी जानकारी सोमवार सुबह मिली। घटना की सूचना पर एडिशनल एसपी देहात संदीप मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।
डिप्टी सीएम ने रुककर परिजनों से की बात
सोमवार को मनगवां में मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का जन्मदिन कार्यक्रम आयोजित था। इसी दौरान डिप्टी सीएम का काफिला घटनास्थल के मार्ग से गुजर रहा था। सड़क पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ तथा आक्रोश की स्थिति देखकर उन्होंने वाहन रुकवाया और परिजनों से बातचीत की।
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी और निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मौके पर मौजूद एडिशनल एसपी देहात संदीप मिश्रा को भी घटना की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
टीआरएस कॉलेज में कर रहा था एलएलबी की पढ़ाई
मृतक विनीत कुमार साकेत टीआरएस कॉलेज में एलएलबी का छात्र था। बताया जाता है कि वह रीवा शहर स्थित अनुसूचित जनजाति छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। पांच दिनों से उसके लापता होने के बाद परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए मनगवां अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, दुर्घटनाग्रस्त बाइक और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।
युवक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
