शराब पार्टी के लिए रुपये नहीं दिए तो रास्ता रोककर पीटा, तीन गिरफ्तार; जेल भेजे गए
पन्ना ब्यूरो। देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र में शराब-मुर्गा पार्टी के लिए रुपये मांगने और इनकार करने पर युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने रास्ता रोककर पार्टी के लिए पैसे मांगे। रुपये देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे ग्राम बड़े मुटवा के आगे इन्द्रजीत सिंह बुंदेला निवासी ग्राम जनकपुर अपने साथी सुरेन्द्र पटेल के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान तीन लोगों ने उन्हें रोक लिया और शराब-मुर्गा पार्टी के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने इन्द्रजीत के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
फरियादी की शिकायत पर देवेन्द्रनगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 387/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने 18 अगस्त को प्रधान यादव (27), दीपू यादव (24) और जयपाल यादव (41), तीनों निवासी ग्राम बड़े मुटवा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: थाना प्रभारी उप निरीक्षक संतोष सिंह यादव, एएसआई सज्जन प्रजापति, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण यादव, शंकर सिंह बुंदेला, आरक्षक ब्रजेन्द्र रैकवार, भूरीसिंह एवं दिनेश सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
