5 हजार रुपये की रिश्वत लेते मेडिकल ऑफिसर लोकायुक्त के हत्थे चढ़े, रीवा लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई
शहडोल/रीवा। भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रीवा लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उफरी, तहसील जयसिंहनगर (जिला शहडोल) में पदस्थ मेडिकल ऑफिसर डॉ. महेश चंद्र शर्मा को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में की गई।
लोकायुक्त के अनुसार उमरिया जिले के पटनार खुर्द निवासी वीरेंद्र सिंह ने 18 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी पार्वती सिंह के सलग्नीकरण आदेश को निरस्त कराने एवं रवानगी नहीं देने के एवज में मेडिकल ऑफिसर डॉ. महेश चंद्र शर्मा द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 5 हजार रुपये प्राप्त किए जाने तथा शेष 5 हजार रुपये की मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद लोकायुक्त रीवा की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जयसिंहनगर बस स्टैंड पर ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह ट्रैप कार्रवाई निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया एवं निरीक्षक एस. राम मरावी के नेतृत्व में लोकायुक्त रीवा की टीम ने संपन्न की।
लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना लोकायुक्त रीवा हेल्पलाइन नंबर 98936 07619 पर देकर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग करें।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
