"मैं पुलिस लाइन रीवा का गुंडा हूं..." : नशे में धुत प्रधान आरक्षक का वीडियो वायरल, एसपी ने किया सस्पेंड
"मैं पुलिस लाइन रीवा का गुंडा हूं..." : नशे में धुत प्रधान आरक्षक का वीडियो वायरल, एसपी ने किया सस्पेंड
अमहिया थाने में खुद को 'मेजर लाठी' बताते हुए दो पौवा शराब पीने की बात कबूली, वीडियो सामने आते ही एसपी की त्वरित कार्रवाई
रीवा | बुलेट रिपोर्टर/दैनिक भास्कर |
रीवा पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक अच्छेलाल सिंह का कथित तौर पर नशे की हालत में बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में प्रधान आरक्षक स्वयं यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि उन्होंने शराब पी रखी है। इसके साथ ही वे खुद को "पुलिस लाइन रीवा का गुंडा" और "मेजर लाठी" बताते हुए "दो पौवा यानी छह पैग शराब" पीने की बात भी कहते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो अमहिया थाना परिसर का बताया जा रहा है, जहां प्रधान आरक्षक किसी कार्य से पहुंचे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में बनाया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल उठने लगे। सोशल मीडिया पर भी वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह ने तत्काल प्रभाव से प्रधान आरक्षक अच्छेलाल सिंह को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और सेवा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
