रीवा में नीट अभ्यर्थियों को मिली निशुल्क पुस्तकें, कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह ने किया वितरण
बुलेट रिपोर्टर रीवा। शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रीवा संभाग में विशेष करियर मार्गदर्शन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 3 अगस्त को सुबह 11 बजे शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में आयोजित कार्यक्रम में रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह ने नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को निशुल्क अध्ययन सामग्री एवं पुस्तकों का वितरण किया।
कार्यक्रम में कमिश्नर ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को मेडिकल सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न करियर विकल्पों के लिए सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
रीवा संभाग के सभी जिलों में विशेष करियर मार्गदर्शन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत इंदौर की एक प्रमुख कोचिंग संस्था के माध्यम से शिक्षकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि वे विद्यार्थियों को नीट सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी करा सकें।
प्रशासन का मानना है कि निशुल्क अध्ययन सामग्री, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और करियर मार्गदर्शन से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
