यूथ पर फोकस: सीएम डॉ. मोहन यादव ने 9 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकालने के दिए निर्देश
बुलेट रिपोर्टर भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य शूटिंग अकादमी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान युवाओं और खेल विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगस्त स्वतंत्रता का पर्व मनाने का महीना है और 9 अगस्त (अगस्त क्रांति दिवस) पर भोपाल में नागरिकों और युवाओं की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और स्वतंत्रता के महत्व का संदेश देने का माध्यम बनेगी।
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण एवं सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग भी मौजूद रहे।
खिलाड़ियों के पोषण और प्रशिक्षण पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। ऐसे में उनके पोषण, आधुनिक प्रशिक्षण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ओलंपिक, एशियाड और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार एवं प्रोत्साहन नियम जल्द तय किए जाएं। साथ ही ऐसे खिलाड़ियों को शासकीय सेवा और प्रोत्साहन राशि देने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने प्रदेश में मल्लखंभ और जिम्नास्टिक अकादमी शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी दिए।
संदीपनि विद्यालयों में विकसित होंगे खेल परिसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी संदीपनि विद्यालयों में उपलब्ध भूमि का उपयोग खेल परिसरों के निर्माण के लिए किया जाए। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा युवा आयोग मिलकर इस दिशा में कार्य करें।
उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा संचालित खेल गतिविधियों और खेल अधोसंरचनाओं का बेहतर समन्वय खेल विभाग के माध्यम से किया जाए और इसके लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार किया जाए।
खेल अधोसंरचना के विकास पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर खेल परिसर, स्टेडियम या अन्य खेल अधोसंरचना के लिए भूमि आवंटन लंबित है, वहां जिला कलेक्टरों के समन्वय से जल्द कार्रवाई की जाए। निर्माणाधीन खेल परिसरों में आवश्यक सुविधाओं के साथ हेलीपैड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से अधिक से अधिक खेल अनुदान (सेंट्रल ग्रांट) प्राप्त करने के लिए लगातार समन्वय बनाए रखा जाए।
सीएम युवा शक्ति योजना के कार्यों में लाएं तेजी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सीएम युवा शक्ति योजना के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाई जाए। प्रत्येक जिले में पिछले पांच वर्षों के खेल प्रदर्शन का विश्लेषण कर यह तय किया जाए कि जिस क्षेत्र में जिस खेल की प्रतिभाएं अधिक हैं, वहां उसी खेल की अधोसंरचना विकसित की जाए।
परियोजना प्रबंधन इकाई (PMU) बनाने पर विचार
मुख्यमंत्री ने विभाग में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) स्थापित करने पर विचार करने के निर्देश दिए। साथ ही खेल विभाग में एक सिविल विंग की स्थापना की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने को भी कहा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के उच्च गुणवत्ता वाले शासकीय और निजी खेल परिसरों की पहचान कर वहां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने की दिशा में कार्य किया जाए। साथ ही हरियाणा और ओडिशा की तर्ज पर कॉरपोरेट सहयोग से खेल अधोसंरचना विकसित करने के मॉडल पर भी काम किया जाए।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
