अधिकारियों ने एक बस में किया सफर, सुरवार में आज लगेगा जन विश्वास अभियान का पहला शिविर
बुलेट रिपोर्टर ब्यूरो रीवा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ शुक्रवार से रीवा जिले में किया गया। अभियान के तहत पहला शिविर सिरमौर विकासखंड की ग्राम पंचायत सुरवार में आयोजित होगा। शिविर में आम जनता के आवेदनों और शिकायतों का मौके पर निराकरण करने के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
शिविर में शामिल होने के लिए शुक्रवार को रीवा कलेक्ट्रेट परिसर में जिले के सभी अधिकारी एकत्रित हुए। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी सहित सभी अधिकारी एक ही बस में सवार होकर सुरवार के लिए रवाना हुए। अधिकारियों के एक साथ बस से यात्रा करने की इस पहल से ईंधन की बचत होगी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद भी स्थापित होगा।
7 पंचायतों के आवेदनों का होगा निराकरण
कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सुरवार में आयोजित पहले शिविर में सुरवार, राजगढ़, दुलहरा, कररिया, बेलवा सुरसरी, खैरहन और सदहना ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। इन पंचायतों से संबंधित सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी योजना के अंतर्गत दर्ज सभी लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
योजनाओं की होगी जमीनी मॉनिटरिंग
शिविर के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी समीक्षा भी होगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मौके पर उपस्थित रहकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें तथा लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करें।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
