पूड़ी-सब्जी और फूलों की माला लेकर निगम पहुंचे वकील, बोले- अतिक्रमण हटाने की बजाय 'मलाई' खा रहे कर्मचारी
बुलेट रिपोर्टर रीवा। नगर निगम की कार्यप्रणाली से नाराज एक अधिवक्ता गुरुवार को अनोखे अंदाज में शिकायत लेकर निगम कार्यालय पहुंचे। उनके हाथ में पूड़ी-सब्जी से भरी थाली और फूलों की माला थी। उन्होंने कहा कि यह सब वे निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की "खातिरदारी" के लिए लाए हैं, क्योंकि वे अवैध अतिक्रमण हटाने के बजाय अतिक्रमणकारियों की "मलाई" खाने में व्यस्त हैं।
अधिवक्ता का आरोप है कि उनके घर के सामने शासकीय रास्ते की जमीन पर एक व्यक्ति ने अवैध निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया है। इस संबंध में उन्होंने कई बार नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों की उदासीनता के कारण अतिक्रमण लगातार बना हुआ है, जिससे आम लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर उन्होंने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया।
नगर निगम कार्यालय पहुंचे अधिवक्ता ने अधिकारियों से तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
अधिवक्ता के इस अनोखे विरोध की पूरे दिन नगर निगम कार्यालय और शहर में चर्चा होती रही। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में नगर निगम अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया था।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
