5 सूत्रीय मांगों पर अड़े पटवारी, मनगवां तहसील में कलमबंद हड़ताल शुरू
बुलेट रिपोर्टर मनगवां/रीवा। मध्य प्रदेश पटवारी संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर सोमवार से रीवा जिले की मनगवां तहसील में भी पटवारियों ने अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी। अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सभी पटवारी तहसील कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए और शासकीय कार्य पूरी तरह ठप कर दिया।
हड़ताल के पहले दिन पटवारियों ने अपने अभिलेख एवं बस्ता तहसील कार्यालय में जमा कर दिए। इसके बाद सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग उठाई।
पटवारी संघ के संभागीय अध्यक्ष जवाहरलाल शुक्ला तथा मनगवां तहसील इकाई के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने बताया कि प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार पूरे मध्य प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन चल रहा है। इसी क्रम में मनगवां तहसील के सभी पटवारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द ही पटवारियों की पांच सूत्रीय मांगें पूरी नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने तहसीलदार आंचल अग्रहरी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पांच सूत्रीय मांगों के तत्काल निराकरण की मांग की गई। पटवारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
धरना प्रदर्शन में संभागीय अध्यक्ष जवाहरलाल शुक्ला, तहसील अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, शुभम पांडे, आरआई विकास शर्मा, अनिल मिश्रा, विकास तिवारी, दिलीप पटेल, कमलाकांत पटेल, नीरज पटेल, किरण कुशवाहा, ज्योति मंडलोई, वैशाली धीमान, आलोक द्विवेदी, अतुल त्रिपाठी, प्रिंस पांडे, उदय पटेल, किशन सिंह राजावत, पुष्पेंद्र कुशवाहा, अक्षय मिश्रा, सतीश वर्मा, संतोष पटेल, हरिलाल जाटव सहित बड़ी संख्या में पटवारी उपस्थित रहे।
इनका कहना है
"पटवारी संघ के संभागीय अध्यक्ष एवं तहसील संघ के अध्यक्ष के नेतृत्व में तहसील क्षेत्र के सभी पटवारियों ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में पांच सूत्रीय मांगें रखी गई हैं। ज्ञापन की प्रति जिला मुख्यालय भेज दी गई है।"
— आंचल अग्रहरी, तहसीलदार, मनगवां
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
