मनगवां की पुरानी बस्ती में बाढ़ का खतरा, मढुलियन नदी उफान पर
मनगवां की पुरानी बस्ती में बाढ़ का खतरा, मढुलियन नदी उफान पर
लगातार बारिश से निचली बस्तियां जलमग्न, जाम नाले-नालियों ने बढ़ाई मुसीबत; कच्चे मकानों और जर्जर भवनों पर मंडरा रहा खतरा
बुलेट रिपोर्टर। मनगवां (रीवा)। रीवा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मनगवां नगर परिषद क्षेत्र की पुरानी बस्ती के कई वार्डों में हालात चिंताजनक हो गए हैं। मढुलियन नदी उफान पर है, वहीं निचली बस्तियों में पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
कई मोहल्लों में नाले-नालियां जाम होने से बारिश के पानी की निकासी बाधित हो गई है। इसके चलते जलभराव लगातार बढ़ रहा है। पानी का स्तर और बढ़ने पर कई घरों में पानी घुसने तथा कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
नगर परिषद के पूर्व पार्षद एवं सोशल वर्कर विनोद नामदेव ने बताया कि क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन चुकी है। ऐसे संवेदनशील स्थान भी चिन्हित किए गए हैं, जहां थोड़ी और बारिश होने पर हालात बिगड़ सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
जर्जर भवन और कच्चे मकानों ने बढ़ाई चिंता
पुरानी बस्ती में कई जर्जर भवनों के गिरने का खतरा बना हुआ है। कुछ कच्चे मकानों के धंसने की स्थिति सामने आने से बस्ती के लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार बारिश के बीच कमजोर मकानों के धराशायी होने की आशंका से लोग चिंतित हैं।
प्रशासन की तैयारियों पर उठे सवाल
बढ़ते जलभराव से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर फिलहाल कोई प्रभावी विशेष व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। यदि समय रहते नाले-नालियों की सफाई और जल निकासी नहीं कराई गई तो बारिश बढ़ने के साथ स्थिति गंभीर हो सकती है। ऐसे में प्रशासन को संवेदनशील इलाकों का तत्काल निरीक्षण कर जल निकासी, जर्जर भवनों की निगरानी और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की जरूरत है।
क्या यह खबर उपयोगी थी?
इस लेख को शेयर करें:
